विश्व

वियेना: यूएन टावर पर विशाल कलाकृति के ज़रिये, ‘शान्ति की भंगुरता’ का चित्रण

ऑस्ट्रेलियाई कलाकार फिंटन मैगी द्वारा निर्मित यह कलाकृति, सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) और इस वर्ष सितम्बर महीने में आयोजित हो रही भविष्य की शिखर बैठक के समर्थन में है.

फिंटन मैगी ने कहा कि “यह कार्य संयुक्त राष्ट्र की भूमिका में मानव तत्वों और शान्ति की भंगुरता की पड़ताल करता है. स्थाई स्थिरता को कभी भी हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए और इसके लिए हमेशा कूटनीति और मानवीय हस्तक्षेप की आवश्यकता होगी.”

उन्होंने जोर देकर कहा कि “शान्ति सदैव एक कठिन काम है.”

इस भित्ति चित्र का आधिकारिक उद्घाटन शुक्रवार को हुआ, जहां सिडनी-निवासी यह कलाकार अपनी रचना प्रक्रिया, डिज़ाइन व रूपक, वियेना शहर से इसके सम्बन्ध, और स्थानीय निवासियों के लिए इसके महत्व पर बात करेंगे.

विशाल भित्ति चित्र

वियेना के इतिहास में सबसे विशाल भित्ति चित्र पर काम शुरू करने के लिए, फिंटन मैगी 10 जून को ऑस्ट्रिया पहुंचे. वो विशाल कैनवस पर उकेरे गए अपने चित्रों के लिए सम्पूर्ण विश्व में प्रसिद्ध हैं, और इनके ज़रिये अक्सर सामाजिक मुद्दों के प्रति ध्यान आकृष्ट करते हैं.

यह परियोजना लगभग 3 सप्ताह में पूर्ण हुई है और लगभग एक हज़ार वर्ग मीटर आकार के एक टावर को समेटे हुए है.

उन्होंने उम्मीद जताई कि यह भित्ति चित्र निरन्तर याद दिलाएगा कि “शान्ति नाज़ुक है, और मनुष्य दोष-विहीन नहीं हैं.”

जागरूकता की कला

यह परियोजना मध्य योरोप के सबसे बड़े कला महोत्सव, ‘कैल लिब्र आर्ट फ़ेस्टिवल’, के रचनात्मक सहयोग से सम्भव हुई है.

संयुक्त राष्ट्र कार्यालय ‘वियेना इंटरनेशनल सेंटर’ में स्थित है, जिसकी दीवार पहले स्लेटी रंग की थी, लेकिन अब यह रंग-बिरंगी स्ट्रीट आर्ट में बदल गई है, जो एक सतत, शान्तिपूर्ण भविष्य हासिल करने और सार्वजनिक स्थलों पर कला के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाएगी.

ऑस्ट्रेलिया के प्रसिद्ध कलाकार फ़िंटन मैगी.

ऑस्ट्रेलिया के प्रसिद्ध कलाकार फ़िंटन मैगी.

विशेष रूप से वियेना में, जो कला और संस्कृति के लिए एक अन्तरराष्ट्रीय केन्द्र है, इस कार्य का प्रभाव विशेष रूप से ध्यान देने योग्य और प्रेरणा का एक महत्वपूर्ण स्रोत साबित होगा. यह टावर प्रत्येक दिन हजारों और हर महीने लगभग 16 लाख लोगों द्वारा आसानी से देखा जा सकेगा.

यह भित्ति चित्र 17 सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को हासिल किए जाने के लिए एक प्रतीक है, विशेष रूप से शान्ति, न्याय और मज़बूत संस्थाओं से सम्बन्धित एसडीजी लक्ष्य 16 के लिए.

साथ ही, यह इस सितम्बर होने वाली भविष्य की शिखर बैठक को भी बढ़ावा देता है, जिसका उद्देश्य बहुपक्षीय प्रणाली में नए सिरे से ऊर्जा का प्रसार करना, ताकि दुनिया संयुक्त राष्ट्र चार्टर और एसडीजी की प्रतिबद्धताओं को पूरा कर सके.

Source link

Most Popular

To Top