उद्योग/व्यापार

Mumbai Billboard Collapse: बिलबोर्ड गिरने से मरने वालों की संख्या हुई 14, अभी भी मलबे में फंसे कई लोग

Mumbai Billboard Collapse: मुंबई में बिलबोर्ड गिरने के हादसे से मरने वालों की संख्या मंगलवार सुबह बढ़कर 14 हो गई है। एनडीआरएफ की टीम रात भर से इस होर्डिंग में फंसे लोगों बचाने के लिए अभियान चलाए हुए है। इस हादसे में कम से कम 74 लोग घायल हुए हैं। एनडीआरएफ इंस्पेक्टर गौरव चौहान ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि ढहे हुए बिलबोर्ड के नीचे फंसे लोगों को बचाने के लिए खुदाई करने वालों ने मलबे को खोदा। जिसके बाद आठ शव पहले ही बरामद किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि चार और शव अभी भी मलबे के अंदर दबे हुए हैं। हमने उनका पता लगा लिया है लेकिन इस पेट्रोल पंप के कारण हम उन्हें हटा नहीं सकते और स्थिति खतरनाक हो सकती है।

बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी (BMC Commissioner Bhushan Gagrani) ने कहा कि चौहत्तर लोगों को घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें से एक की हालत गंभीर है।

कैसे हुआ हादसा?

सोमवार को भारी बारिश और तूफान के कारण मुंबई के घाटकोपर में 70 मीटर लंबा बिलबोर्ड गिर गया। यह बिलबोर्ड घाटकोपर छेड़ा नगर जंक्शन में एक पेट्रोल पंप पर गिरा। इसमें फंसे लोगों को बचाने के लिए सोमवार शाम बचाव अभियान शुरू हुआ था। इस बचाव कार्य में 64 लोगों को रेस्क्यू किया गया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। एनडीआरएफ ने मलबे में फंसे शवों को निकालने लगातार बचाव अभियान चलाया।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लिया हालात का जायजा

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Maharashtra CM Eknath Shinde) हालात का जायजा लेने के लिए सोमवार को घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिवारों के लिए 5 लाख रुपये का मुआवजा देने और घायलों के इलाज का ऐलान किया है। बीएमसी ने कहा कि बिलबोर्ड अवैध रूप से लगाया गया था। इसके लिए बीएमसी से कोई पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी। मुंबई पुलिस ने पंतनगर पुलिस स्टेशन में मालिक भावेश भिड़े और अन्य के खिलाफ आईपीसी 304, 338, 337 और 34 के तहत मामला दर्ज किया है।

इस बीच, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मुंबई के घाटकोपर में हुई घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। होर्डिंग गिरने से घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने सोमवार शाम को एक बयान में कहा कि होर्डिंग गिरने से 20 से 30 लोग अभी भी मलबे के अंदर फंसे हुए हैं। पेट्रोल पंप से मलबे को हटाने में एनडीआरएफ को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसकी वजह से खतरनाक हालात पैदा हो सकते हैं।

Source link

Most Popular

To Top