उद्योग/व्यापार

Milind Deora Resigns: मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस से 55 साल का रिश्ता तोड़ा, शिंदे गुट में होंगे शामिल

Milind Deora Resigns: मणिपुर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा (bharat jodo nyay yatra) की शुरुआत से पहले पार्टी को मुंबई में बड़ा झटका लगा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरली देवड़ा के बेटे मिलिंद देवड़ा (Milind Deora) ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। इस बात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए दी है। उन्होंने एक पोस्ट करके कहा कि उनका एक महत्वपूर्ण अध्याय खत्म हुआ। 47 साल के मिलिंद देवड़ा यूपीए-2 के कार्यकाल में कुछ समय के मंत्री रह चुके हैं। देवड़ा के सीएम एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।

कांग्रेस के पूर्व नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि आज मेरी राजनीतिक यात्रा के एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हुआ। इंडियन नेशनल कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से मैंने अपना त्यागपत्र दे दिया है। पार्टी के साथ मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता ख़त्म। मैं वर्षों से उनके अटूट समर्थन के लिए सभी नेताओं, सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं का आभारी हूं।

मिलिंद ने कांग्रेस क्यों छोड़ी?

मिलिंद के कांग्रेस छोड़ने की वजह इंडिया गठबंधन भी बताया जा रहा है। दरअसल मिलिंद मुंबई साउथ की सीट से चुनाव लड़ते रहे हैं। उस सीट पर उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने चुनाव लड़ने का दावा किया था। इसलिए मिलिंद देवड़ा इस सीट से चुनाव नहीं लड़ पाते। लिहाजा उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया है। हालांकि बीते दो लोकसभा चुनावों में हार का सामना करना पड़ा था। मिलिंद देवड़ा के कांग्रेस से इस्तीफे पर बीजेपी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। बीजेपी आईटी सेल चीफ अमित मालवीय ने कहा कि राहुल गांधी को न्याय यात्रा बाद में निकालनी चाहिए। पहले उन्हें अपनी पार्टी नेताओं के साथ न्याय करना चाहिए। बता दें कि मिलिंद देवड़ा महाराष्ट्र के दिवंगत दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरली देवड़ा के बेटे हैं।

मल्लिकार्जुन खड़गे बने ‘INDIA’ गठबंधन के अध्यक्ष, नीतीश कुमार ने ठुकराया संयोजक का पद, जानें सभी अपडेट

एकनाथ शिंदे की शिवसेना से जुड़ने की अटकलें

चर्चा है कि वह शिवसेना के एकनाथ शिंदे धड़े से जुड़ सकते हैं। हालांकि देवड़ा ने इन अटकलों को ‘अफवाह’ बताया था। उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा था कि वह अपने समर्थकों के साथ चर्चा कर रहे हैं। वहीं सूत्रों के मुताबिक, देवड़ा आज (14 जनवरी 2024) दोपहर 2 बजे सीएम के वर्षा बंगले में पहुंचकर सीएम शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

कहा जा रहा है कि मिलिंद देवड़ा ने कुछ पूर्व पार्षदों को मिलाकर करीब अपने 450 समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी छोड़ी है। मौजूदा समय में मुंबई की दक्षिण सीट से शिवसेना के अरविंद सावंत अभी लोकसभा सदस्य हैं। वे 2019 में यहां से दूसरी बार जीते थे। देवड़ा 2004 और 2009 में यह से जीतकर लोकसभा पहुंचे थे। देवड़ा एक बार मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

Source link

Most Popular

To Top