उद्योग/व्यापार

Lok Sabha Elections 2024: I.N.D.I.A. गठबंधन को झटके पे झटका, ओडिशा में BJP का समर्थन करेगी BJD

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस की अगुवाई वाली विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. को रोज एक न एक झटका लग रहा है। एक तरफ कांग्रेसी नेता लोकसभा चुनाव से ठीक पहले देश की सबसे पुरानी पार्टी का साथ छोड़ रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ केंद्र में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के साथ लगातार लोकल पार्टियां जुड़ती जा रही हैं। इस क्रम में अब I.N.D.I.A. गठबंधन को ओडिशा में बहुत बड़ा झटका लगा है। दरअसल, ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (BJD) ने आगामी राज्यसभा चुनाव में राज्य से BJP के उम्मीदवार रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को अपना समर्थन देने की घोषणा की है।

बीजेपी ने बुधवार सुबह केंद्रीय मंत्री वैष्णव की उम्मीदवारी की घोषणा की। इसके तुरंत बाद, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने एक बयान में कहा कि BJD राज्य के रेल और दूरसंचार विकास के व्यापक हित के लिए वैष्णव की उम्मीदवारी का समर्थन करता है। पटनायक ने बयान में कहा, “बीजू जनता दल आगामी राज्यसभा चुनाव में राज्य के रेलवे और दूरसंचार विकास के व्यापक हित के लिए केंद्रीय रेल, संचार और सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव की उम्मीदवारी का समर्थन करेगा।”

वैष्णव 2019 में भी BJD के समर्थन से संसद के उच्च सदन के लिए चुने गए थे। वैष्णव ने पीटीआई से कहा, “मैं BJP का एक अनुशासित कार्यकर्ता हूं। मैं एक बार फिर सेवा करने का मौका देने के लिए पार्टी नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करना चाहता हूं।”

इससे पहले मंगलवार को BJD के दो उम्मीदवारों देबाशीष सामंत्रे और शुभाषीश खुंटिया ने 27 फरवरी को होने वाले चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। BJD ने तीसरी सीट पर उम्मीदवार नहीं उतारा है।

BJP ने जारी की 5 उम्मीदवारों की लिस्ट

BJP ने 15 राज्यों की 56 सीटों पर होने वाले राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के मद्देनजर बुधवार को 5 उम्मीदवारों की सूची जारी की। मध्य प्रदेश से BJP ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में राज्य मंत्री मुरुगन के अलावा उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर को उम्मीदवार बनाया है। वैष्णव और मुरुगन अगर चुनाव जीत जाते हैं तो राज्यसभा में यह उनका दूसरा कार्यकाल होगा। दोनों के चुनाव जीतने की प्रबल संभावना है।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित 3 अन्य निवर्तमान BJP सांसदों में से किसी को भी पार्टी द्वारा फिर से नामित नहीं किया गया है। हालांकि, पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव में शिक्षा मंत्री को उनके गृह राज्य ओडिशा से मैदान में उतार सकती है। माया नारलिया पार्टी की महिला मोर्चा की मध्य प्रदेश इकाई की अध्यक्ष हैं, उमेश नाथ महाराज धार्मिक एवं आध्यात्मिक नेता हैं जबकि बंशीलाल गुर्जर किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं।

मुरुगन मूल रूप से तमिलनाडु से ताल्लकु रखते हैं। वहां से राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए BJP के पास तमिलनाडु विधानसभा में पर्याप्त संख्या बल नहीं है। पार्टी सूत्रों ने कहा है कि प्रधान के अलावा दो अन्य केंद्रीय मंत्रियों, भूपेंद्र यादव और राजीव चंद्रशेखर को BJP आगामी लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बना सकती है। दोनों को राज्यसभा के मौजूदा दौर के लिए फिर से नामित नहीं किया गया है।

प्रधान और यादव दोनों ही राज्यसभा का दो कार्यकाल पूरा कर रहे हैं जबकि चंद्रशेखर का यह तीसरा कार्यकाल है। ऐसी चर्चा थी कि वैष्णव भी अपने गृह राज्य राजस्थान से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। माना जा रहा है कि उन्हें राज्यसभा भेजने का निर्णय इसलिए लिया गया है क्योंकि उन्होंने उच्च सदन में केवल एक कार्यकाल पूरा किया है और ओडिशा कैडर के पूर्व अधिकारी के राज्य की बीजद सरकार के साथ अच्छे संबंध हैं।

Source link

Most Popular

To Top