उद्योग/व्यापार

Lok Sabha Elections 2024: झारखंड में I.N.D.I.A. गठबंधन से अलग हुई CPI, लोकसभा की इन 8 सीटों पर अकेले लड़ेगी चुनाव

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 जैसे-जैसे करीब आ रहा है केंद्र की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) को हैट्रिक से रोकने के लिए बना विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. अलायंस बिखरती जा रही है। केरल के बाद भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) ने झारखंड में विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस ( I.N.D.I.A.) से अलग होने का रविवार को ऐलान करते हुए कहा कि वह राज्य की 14 लोकसभा सीट में से 8 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी।

हालांकि, लोकसभा में CPI का झारखंड से कोई सांसद नहीं है। CPI के राज्य सचिव महेंद्र पाठक ने पीटीआई को बताया, हमने अपने दम पर लोकसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है।”” उन्होंने कहा, “BJP ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, लेकिन कांग्रेस और ‘महागठबंधन’ ने अभी तक सीट बंटवारे पर कोई बातचीत नहीं की है। इसलिए हमने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है।”

इन सीटों पर लड़ेगी CPI

उन्होंने कहा कि यह निर्णय यहां पार्टी की राज्य कार्यकारी समिति की बैठक में लिया गया। CPI रांची, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, पलामू, गिरिडीह, दुमका और जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारेगी। पाठक ने कहा कि उम्मीदवारों के नामों की घोषणा 16 मार्च के बाद की जाएगी।

राज्य की 14 लोकसभा सीट में से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पास 11, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के पास एक, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के पास एक और कांग्रेस के पास एक सीट है। कांग्रेस की एकमात्र सांसद गीता कोड़ा हाल ही में BJP में शामिल हो गई थीं।

बंगाल में TMC अकेली लड़ेगी चुनाव

CPI के अलावा पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने भी रविवार (10 मार्च) को राज्य की सभी 42 लोकसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। TMC ने 7 सांसदों को टिकट नहीं दिया है। कुछ नए चेहरों को मैदान में उतारा है, जिनमें पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान भी शामिल हैं। तृणमूल कांग्रेस ने पुराने नेताओं और अगली पीढ़ी के नेताओं के बीच जारी कथित सत्ता संघर्ष के बीच अनुभवी नेताओं और नयी प्रतिभा का सामंजस्य बनाए रखा है।

अभिनेता से नेता बने शत्रुघ्न सिन्हा को आसनसोल से फिर से चुनाव मैदान में उतारा गया है। सिन्हा ने 2022 के लोकसभा उपचुनाव में इस सीट पर जीत दर्ज की थी। बशीरहाट लोकसभा सीट से पार्टी ने पूर्व सांसद हाजी नुरुल इस्लाम को मैदान में उतारा है और यहां से मौजूदा सांसद नुसरत जहां को टिकट नहीं मिला है। TMC नेताओं के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर हाल में चर्चा में रहा संदेशखाली इसी लोकसभा क्षेत्र में स्थित है।

ये भी पढ़ें- Lokpal AM Khanwilkar: लोकपाल के नए अध्यक्ष पूर्व जज एएम खानविलकर कौन हैं? जानें, उनके बारे में सबकुछ

TMC ने 23 सांसदों में से 16 को फिर से उम्मीदवार बनाया है। तृणमूल कांग्रेस ने 7 मौजूदा सांसदों को टिकट नहीं दिया है जिनमें बैरकपुर से सांसद अर्जुन सिंह भी शामिल हैं जो दो साल पहले भाजपा छोड़कर राज्य में सत्तारूढ़ दल में शामिल हो गए थे। कोलकाता में एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा कि हम बंगाल में अकेले लोकसभा चुनाव लड़ेंगे और कांग्रेस, BJP मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी का मुकाबला करेंगे।

Source link

Most Popular

To Top