उद्योग/व्यापार

Lok Sabha Election 2024: सपा ने छह और उम्मीदवारों की लिस्ट की जारी, धर्मेंद्र यादव फिर आजमगढ़ से चुनाव मैदान में

Lok Sabha Elections 2024: समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने शनिवार को लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) के लिए उत्तर प्रदेश के छह उम्मीदवारों की अपनी पांचवीं लिस्ट जारी की, जिसमें पार्टी ने धर्मेंद्र यादव (Dharmendra Yadav) को आजमगढ़ लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर यह जानकारी दी। सपा ने उत्तर प्रदेश से लोकसभा चुनाव के लिए छह उम्मीदवारों की घोषणा की, जिनमें आजमगढ़ लोकसभा सीट से धर्मेंद्र यादव का नाम शामिल है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 2022 के विधानसभा चुनाव में विधायक चुने जाने पर सांसद पद से इस्तीफे के बाद आजमगढ़ में हुए उपचुनाव में उनके चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव आजमगढ़ से पार्टी के लोकसभा उम्मीदवार थे, जिन्हें भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दिनेश लाल यादव निरहुआ ने पराजित कर दिया था।

BJP के दिनेश लाल यादव को तीन लाख 12 हजार से ज्यादा वोट मिले, जबकि धर्मेंद्र यादव को तीन लाख चार हजार से अधिक मत मिले थे। बसपा के गुड्डू जमाली को दो लाख 66 हजार से अधिक मत मिले। हाल ही में जमाली ने सपा की सदस्यता ग्रहण की और पार्टी ने उन्हें विधान परिषद का सदस्य बनने का मौका दिया।

सपा की लिस्ट में किसको कहा से मिला टिकट

सपा ने ‘X’ पर एक पोस्ट में धर्मेंद्र यादव (आजमगढ़) के अलावा पांच दूसरे संसदीय क्षेत्रों से भी उम्मीदवारों की घोषणा की।

पार्टी की ओर से जारी पांचवी लिस्ट में डॉक्टर महेंद्र नागर को गौतमबुद्ध नगर, मनोज कुमार राजवंशी को मिश्रिख, भीम निषाद को सुल्तानपुर, जितेंद्र दोहरे को इटावा और नारायण दास अहिरवार को जालौन से उम्मीदवार घोषित किया गया है।

सपा इसके पहले भी चार चरणों में 37 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।

सपा, उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से अब तक 43 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर चुकी है।

विपक्षी गठबंधन ‘I.N.D.I.A.’ में सीट बंटवारे पर समझौते के तहत सपा ने एक सीट तृणमूल कांग्रेस को दी है जबकि कांग्रेस 17 सीटों पर लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) लड़ रही है। हालांकि घोषित उम्मीदवारों में संभल सीट से सांसद शफीकुर्रहमान बर्क का फरवरी के आखिरी सप्ताह में निधन हो चुका है।

Source link

Most Popular

To Top