उद्योग/व्यापार

Kotak Mahindra Bank ने बेचे KFin Tech के 2% शेयर, 208 करोड़ की बल्क डील

KFin Tech bulk deal : कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank) ने केफिन टेक्नोलॉजीज (KFin Technologies) में अपनी दो फीसदी हिस्सेदारी बेच दी है। बैंक ने आज मंगलवार को ओपन मार्केट ट्रांजेक्शन के माध्यम से यह बिकवाली की। कोटक महिंद्रा बैंक ने ये शेयर 208 करोड़ रुपये में बेचे हैं। इस खबर के बीच आज केफिन टेक के शेयरों में बड़ी गिरावट देखी गई। BSE पर यह स्टॉक 5.70 फीसदी गिरकर 592.45 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इस गिरावट के साथ कंपनी का मार्केट कैप घटकर 10,123 करोड़ रुपये हो गया है।

Kotak Mahindra Bank के पास अब कितनी है हिस्सेदारी?

इस लेनदेन के बाद, केफिन टेक्नोलॉजीज में कोटक महिंद्रा बैंक की हिस्सेदारी 9.80 फीसदी (दिसंबर 2023 तक) से घटकर 7.77 फीसदी हो गई है। BSE के पास उपलब्ध बल्क डील के आंकड़ों के अनुसार कोटक महिंद्रा बैंक ने कुल 34,70,000 शेयर बेचे, जो कि केफिन टेक्नोलॉजीज में 2.03 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है। शेयरों को औसतन 600.28 रुपये की कीमत पर बेचा गया, जिससे ट्रांजेक्शन वैल्यू 208.29 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि, अब तक बायर्स का पता नहीं चल सका है।

Kotak Mahindra Bank ने हर तिमाही में बेचे शेयर

कोटक महिंद्रा ने पिछले कुछ समय में हर तिमाही में KFin Tech के शेयर बेचे हैं। हालांकि, यह बिकवाली मामूली रही है। दिसंबर 2022 में कोटक महिंद्रा के पास केफिन टेक के 9.98 फीसदी शेयर थे। मार्च 2022 में ये घटकर 9.88 फीसदी हो गए। जून 2023 तक कोटक महिंद्रा की हिस्सेदारी घटकर 9.84 फीसदी हो गई। इसके बाद सितंबर 2023 तक यह घटकर 9.82 फीसदी और दिसंबर 2023 तक 9.80 फीसदी हो गई।

कैसा रहा है KFin Tech के शेयरों का प्रदर्शन

पिछले एक महीने में KFin Tech के शेयरों में 4 फीसदी से अधिक की गिरावट आई है। हालांकि, पिछले 6 महीने में इसने 24 परसेंट का रिटर्न दिया है। इस साल अब तक कंपनी के शेयर 22 परसेंट चढ़े हैं। वहीं, पिछले एक साल में इसके निवेशकों को 102 परसेंट का जबरदस्त मुनाफा हुआ है।

Source link

Most Popular

To Top