राजनीति

Jharkhand के पलामू में रामनवमी पर झड़प के सिलसिले में दस लोग गिरफ्तार

झारखंड के पलामू जिले में रामनवमी के अवसर पर निकाली गयी शोभायात्रा के दौरान दो समूहों के बीच हुई झड़प मेंशामिल रहने के आरोप में दस लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात पलामू जिले के कजरू गांव में हुई झड़प के सिलसिले में दोनों समूह के पांच-पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

बिश्रामपुर के उप संभागीय पुलिस अधिकारी राकेश सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है।
सिंह ने कहा कि हर साल की तरह गांव में कई लोग रामनवमी की शोभायात्रा में शामिल होने के लिए एकत्रित हुए थे, लेकिन दूसरे समूह के सदस्यों ने इसका विरोध किया, क्योंकि शोभायात्रा मस्जिद वाले मार्ग की ओर से गुजरने वाली थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दो समूहों के बीच उस दौरान झड़प हुई, जब दूसरे समूह के सदस्यों ने यह तर्क देते हुए रामनवमी की शोभायात्रा रोकने की कोशिश की कि यह पहले कभी मस्जिद की ओर से नहीं गुजरी थी।
उन्होंने बताया कि झड़प में करीब पांच दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

एसडीपीओ ने बताया, तनाव को देखते हुए हमने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर इलाके में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया है।
उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल वहां स्थिति नियंत्रण में है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।



Source link

Most Popular

To Top