उद्योग/व्यापार

Delhi Temperature: दिल्ली में 52.9°C तापमान! मौसम विभाग ने बता दिया सेंसर में गड़बड़ी

दिल्ली के मुंगेशपुर में बुधवार को 52.9 डिग्री सेल्सियस का तापमान दर्ज किया गया। यह देश में अब तक का सबसे अधिक दर्ज तापमान है। हालांकि इसके एक दिन बाद ही भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सेंसर पर ही सवाल उठा दिए। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान शहर के अलग-अलग हिस्से में 45.2° से 49.1°C के बीच रहा और मुंगेशपुर में बाकी स्टेशनों के मुकाबले तापमान 52.9°C पर पहुंच गया जो सेंसर में किसी गलती का संकेत दे रहा है। आईएमडी का कहना है कि या तो यह सेंसर में किसी कमी के चलते हो सकता है या कोई लोकल फैक्टर होगा।

डेटा और सेंसर की जांच कर रहा मौसम विभाग

मौसम विभाग अब डेटा और सेंसर की जांच कर रहा है। वहीं एक केंद्रीय मंत्री का कहना है कि दिल्ली में इतना अधिक तापमान होने की संभावना नहीं है। पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि दिल्ली में 52 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान की संभावना बहुत ही कम है। स्काईमेट वेदर के महेश पलावत का कहना है कि सफदरजंग में दर्ज किया गया तापमान दिल्ली के लिए एक विश्वसनीय बेंचमार्क है। उनका कहना है कि मुंगेशपुर में 52.9 डिग्री का तापमान दर्ज किया गया और इस पर भरोसा नहीं किया जा सकता क्योंकि यह एक सेंसर-आधारित तापमान है जो इसके परिवेश से प्रभावित हो सकता है।

हालांकि अगर 52.9 डिग्री सेल्सियस का तापमान सही है तो यह धरती पर अब तक दर्ज किए गए सबसे अधिक तापमान से सिर्फ 3.8 डिग्री सेल्सियस ही कम होगा। अब तक का सबसे अधिक तापमान कैलिफोर्नियो के डेथ वैली में ग्रीनलैंड रैंच में 56.7 डिग्री सेल्सियस का दर्ज हुआ है।

दिल्ली में रिकॉर्ड ऊंचाई पर बिजली की मांग

दिल्ली में बुधवार को लू का कहर जारी रहा लेकिन फिर एकाएक मौसम में बदलाव हुआ और बिजली की तड़क के साथ बारिश हुई। इससे तापमान थोड़ा नीचे आया। दिल्ली की गरमी ने बुधवार को बिजली की मांग में बेतहाशा इजाफा किया। बुधवार को बिजली की मांग 8302 मेगावॉट पर पहुंच गई जो रिकॉर्ड हाई लेवल है। दिल्ली के इतिहास में यह पहली बार है, जब बिजली की मांद 8300 मेगावॉट के पार पहुंची। अधिकारियों के मुताबिक इस गर्मी में बिजली की मांग 8200 मेगावॉट तक पहुंचने का अनुमान था। दिल्ली के स्टेट लोड डिस्पेस सेंटर के मुताबिक दिल्ली में 3:36 pm पर 8302 मेगावॉट बिजली की मांग रही।

आदित्य ठाकरे ने कहा जलवायु आपातकाल

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने दिल्ली में हाई टेंपरेचर को जलवायु आपातकाल से जोड़ा। उन्होंने राजनीतिक दलों, उद्योग घरानों और संगठनों से इसे लेकर जो कुछ भी संभव हो, वह करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर शहर अपना काम कर रहे हैं, लेकिन जब तक हमारे देश में पार्टियां जलवायु कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध नहीं होतीं, तब तक भारत जलवायु परिवर्तन से सबसे ज्यादा प्रभावित होगा। मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार का कहना है कि पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, यूपी और एमपी में रेड अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि गुरुवार से लू की गंभीरता कम हो जाएगी।

दिल्ली में ऑल टाइम हाई तापमान के बीच हुई बारिश, अगले 24 घंटे में मानसून पहुंचेगा केरल

Source link

Most Popular

To Top