उद्योग/व्यापार

Cryptocurrency: नाइजीरिया में बिटकॉइन जैसी क्रिप्टोकरेंसी में हो सकेगा ट्रांजेक्शन, केंद्रीय बैंक ने हटाई रोक

नाइजीरिया में अब क्रिप्टोकरेंसी में ट्रांजेक्शन, अपराध नहीं होगा। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, नाइजीरिया के केंद्रीय बैंक ‘सेंट्रल बैंक ऑफ नाइजीरिया’ (CBN) ने क्रिप्टोकरेंसी में लेनदेन पर रोक को हटा दिया है। बैंक ने अपने सर्कुलर में कहा है कि ग्लोबल ट्रेंड्स दर्शाते हैं कि ऐसी गतिविधियों को रेगुलेट करने की जरूरत है। हालांकि नाइजीरियाई बैंकों को अभी भी क्रिप्टोकरेंसी की ट्रेडिंग, होल्डिंग या लेनदेन की इजाजत नहीं है। CBN ने फरवरी 2021 में मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवाद को फंडिंग जैसे जोखिमों का हवाला देते हुए बैंकों और वित्तीय संस्थानों को क्रिप्टो एसेट्स में लेनदेन करने या लेनदेन की सुविधा देने से रोक दिया था।

इसके बाद नाइजीरिया के सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) ने पिछले साल मई में डिजिटल एसेट्स के लिए नियम पब्लिश किए, जिससे संकेत मिला कि नाइजीरिया क्रिप्टो एसेट्स पर पूर्ण प्रतिबंध और उनके अनियमित इस्तेमाल के बीच का रास्ता खोजने की कोशिश कर रहा है। नाइजीरिया, अफ्रीका का सबसे अधिक आबादी वाला देश है।

नए सर्कुलर में और क्या

22 दिसंबर 2023 के नए सर्कुलर में, CBN ने कहा कि वैश्विक स्तर पर मौजूदा ट्रेंड्स ने दर्शाया है कि वर्चुअल एसेट सर्विस प्रोवाइडर्स (VASPs) की गतिविधियों को रेगुलेट करने की जरूरत है, जिसमें क्रिप्टोकरेंसी और क्रिप्टो एसेट शामिल हैं। नए ​सर्कुलर के बाद अब नाइजीरिया में क्रिप्टो फर्म्स, बैंक खाते खोल सकेंगी। CBN के नए दिशानिर्देश बताते हैं कि बैंकों और वित्तीय संस्थानों को खाते किस तरह खोलने चाहिए, डेजिग्नेटेड सेटलमेंट अकाउंट्स और सेटलमेंट सर्विसेज कैसे प्रदान करनी चाहिए और क्रिप्टो एसेट्स में लेनदेन करने वाली फर्म्स के लिए फॉरेक्स इनफ्लो और ट्रेड के लिए चैनल के रूप में कैसे काम करना चाहिए। क्रिप्टो व्यवसाय में इंगेज होने के लिए VASPs को नाइजीरियाई SEC से लाइसेंस लेना होगा।

Source link

Most Popular

To Top