राजनीति

Chhattisgarh का मुख्यमंत्री बनने के बाद Vishnu Deo Sai का आया बयान, कहा- Modi की गारंटी पूरा करुंगा

पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे आने के एक सप्ताह बाद छत्तीसगढ़ में भाजपा ने अपने नए मुख्यमंत्री का ऐलान किया है। छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री आदिवासी नेता विष्णु देव साय होंगे, जिन्होंने विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद बयान भी जारी किया है। उन्होंने पर्यवेक्षकों के साथ हुई लंबी बैठक के बाद नाम पर फैसला आने के बाद कहा कि मैं पूरी ईमानदारी के साथ सबके विश्वास पर खरा उतरने की कोशिश करुंगा। मोदी की गारंटी के तहत छत्तीसगढ़ की जनता से किए वादों को पूरा करुंगा।

मुख्यमंत्री के तौर पर चुने जाने के बाद विष्णु देव साय ने संवाददाताओं से बात की। उन्होंने कहा कि राज्य में पहला काम 18 लाख आवास दिए जाने का होगा। उन्होंने एक और घोषणा राज्य के किसानों के लिए की है। उन्होंने कहा कि आगामी 25 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मदिन के मौके पर सभी कृषकों के खाते में दो वर्षों का बोनस ट्रांसफर किया जाएगा। चुनाव में जाने के दौरान भाजपा ने किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदने और महिलाओं को प्रति वर्ष 12 हजार रुपए देने समेत कई वादे किए हैं।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सभी ने मिलकर मुझे विधायक दल का नेता चुना है। मैं आनंदित हूं और पार्टी को धन्यवाद करना चाहता हूं। उन्होंने गांव के छोटे से कार्यकर्ता को छत्तीसगढ़ का नेतृत्व करने का मौका दिया है। इस दौरान उन्होंने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व (प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह) का भी आभार जताया है।

साय को चुना विधायक दल का नेता

मुख्यमंत्री का नाम तय होने के बाद रविवार को पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में पार्टी के नव निर्वाचित विधायकों के दल का नेता चुना है। पार्टी नेताओं ने बताया कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने साय के नाम का प्रस्ताव किया तथा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल ने उनका समर्थन किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री साय सरगुजा संभाग की कुनकुरी सीट से विधायक के रूप में निर्वाचित हुए हैं, जहां भाजपा ने संभाग के सभी 14 सीट जीती हैं। भाजपा नेताओं ने बताया कि यहां भाजपा के नव निर्वाचित विधायकों की दोपहर बाद बैठक आयोजित की गई जिसमें पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सर्बानंद सोनोवाल तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम उपस्थित थे। भाजपा के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित इस बैठक में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, केंद्रीय मंत्री और चुनाव सह प्रभारी डॉक्टर मनसुख मांडविया, भाजपा संगठन सह प्रभारी नितिन नबीन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह भी मौजूद थे। 

पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से साय को भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया। वह राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। मुख्यमंत्री पद के लिए साय के नाम की घोषणा होने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने साय का स्वागत किया। हाल में छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 90 में से 54 सीट जीती हैं। पिछले चुनाव 2018 में 68 सीट जीतने वाली कांग्रेस इस बार 35 सीट पर सिमट गई है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (जीजीपी) राज्य में एक सीट जीतने में कामयाब रही।

Source link

Most Popular

To Top