उद्योग/व्यापार

Budget 2024-25 : पाप्युलिस्ट बजट का मतलब क्या है, यह अच्छा है या खराब?

Budget 2024-25 : यूनियन बजट 2024 (Union Budget 2024) पेश होने की तारीख नजदीक आने के साथ लोगों में इसकी चर्चा बढ़ रही है। हालांकि, 1 फरवरी, 2024 को पेश होने वाला बजट अंतरिम बजट होगा। वित्तमंत्री Nirmala Sitharaman ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि अंतरिम बजट सिर्फ वोट-आन-अकाउंट होगा। इसमें कोई बड़े ऐलान नहीं होंगे। बड़े ऐलान के लिए जुलाई तक इंतजार करना होगा, जब लोकसभा चुनावों के बाद नई सरकार वित्त वर्ष 2024-25 का पूर्ण बजट पेश करेगी। लेकिन, कुछ एक्सपर्ट्स का कहना है कि 2024 के लोकसभा चुनावों को देखते हुए बजट में कई बड़े ऐलान हो सकते हैं। सवाल है कि क्या यह पाप्युलिस्ट बजट होगा? आइए इस सवाल का जवाब जानने की कोशिश करते हैं।

पाप्युलिस्ट बजट का मतलब क्या है?

सबसे पहले यह जान लेना जरूरी है कि पाप्युलिस्ट बजट का मतलब क्या है। पाप्युलिस्ट बजट का मतलब उस बजट से है, जिसमें लोगों को खुश करने के लिए कई ऐलान किए जाते हैं। सरकार ऐसी योजनाओं का ऐलान करती है, जिससे आबादी के बड़े हिस्से को तुरंत फायदा मिलने के आसार होते हैं। आम तौर पर चुनाीवं से पहले सरकार ऐसे बजट पेश करती है। इसका मकसद चुनाव से पहले मतदाताओं को खुश करना होता है। सरकार यह मानती है कि बड़ी योजनाओं के ऐलान से लोग खुश होंगे, जिसका फायदा सरकार को चुनावों में होगा।

यह भी पढ़ें : Budget 2024 : पीएम मोदी के 9 साल के कार्यकाल में किस वित्तमंत्री ने सबसे ज्यादा बार बजट पेश किया?

पॉप्युलिस्ट बजट में सरकार क्या करती है?

पाप्युलिस्ट बजट में सरकार टैक्स में कमी का ऐलान करती है। सामाजिक योजनाओं पर खर्च बढ़ा देती है। सब्सिडी बढ़ाती है। कई बार अनाजों के एमएसपी को बढ़ा दिया जाता है। फार्म लोन माफ करने का ऐलान पाप्युलिस्ट बजट का एक उदाहरण है। सरकार यह मानती है कि फार्म लोन माफ कर देने से किसान खुश हो जाएंगे। इसका फायदा चुनावों में मिलने की उम्मीद होती है।

इकोनॉमी के लिए अच्छा या खराब?

इकोनॉमिस्ट का कहना है कि पाप्युलिस्ट बजट इकोनॉमी को नुकसान पहुंचाता है। इससे सरकार का खर्च बढ़ जाता है। रेवेन्यू बढ़ाने के उपाय किए बगैर खर्च बढ़ाना इकोनॉमी के लिए ठीक नहीं माना जाता है। इससे सरकार पर कर्ज का बोझ बढ़ जाता है। कर्ज का इंटरेस्ट चुकाने पर सरकार के रेवेन्यू का बड़ा हिस्सा खर्च हो जाता है। इससे सरकार के हात में इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ ही पूंजीगत खर्च करने के लिए कम पैसे बचते हैं। इसलिए अर्थशास्त्री पाप्युलिस्ट बजट को इकोनॉमी के लिए अच्छा नहीं मानते हैं।

Source link

Most Popular

To Top