उद्योग/व्यापार

BJP के महिला प्रतिनिधिमंडल को संदेशखाली जाने से रोका गया, नाराज स्थानीय लोगों का TMC नेताओं पर फूटा गुस्सा

Sandeshkhali Violence Update: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की महिला कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल को पुलिस ने शुक्रवार को उत्तर 24 परगना जिले में संकटग्रस्त संदेशखाली जाने से रोक दिया। पार्टी की राज्य इकाई की महासचिव लॉकेट चटर्जी और अग्निमित्रा पॉल के नेतृत्व वाली बीजेपी की टीम को पुलिस ने धारा 144 का हवाला देते हुए रोक दिया। इस दौरान पश्चिम बंगाल से बीजेपी सांसद और प्रदेश महासचिव लॉकेट चटर्जी को राज्य पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

पॉल ने दावा किया, “हमें 144 का हवाला देते हुए पुलिस ने संदेशखाली में प्रवेश करने से मना कर दिया गया है। राज्य सरकार सच्चाई छिपाने की कोशिश कर रही है।” उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखालि में बड़ी संख्या में महिलाओं ने तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर नेता शाहजहां शेख और उनके समर्थकों पर जमीन हड़पने और यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था।

5 जनवरी को राशन घोटाले के सिलसिले में शाहजहां के परिसर पर छापा मारने गए प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों पर कथित तौर पर भीड़ ने हमला कर दिया था, जिसके बाद से वह फरार हैं। अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

स्थानीय लोगों ने किया प्रदर्शन

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में संकटग्रस्त संदेशखाली के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को सुबह फिर से विरोध प्रदर्शन हुए और नाराज स्थानीय लोगों ने इलाके में जबरन जमीन हड़पने एवं महिलाओं का यौन शोषण करने के आरोपी तृणमूल कांग्रेस नेताओं की संपत्तियों में आग लगा दी। लाठियों से लैस प्रदर्शनकारियों ने संदेशखाली के बेलमाजुर इलाके में मछली पकड़ने के एक यार्ड के पास छप्पर वाली संरचनाओं को आग लगा दी। फरार तृणमूल नेता शाहजहां शेख एवं उनके भाई सिराज के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया। यह पता चला है कि जलाई गई संरचना सिराज की थी।

बाद में पुलिस इलाके में दाखिल हुई और उसने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। इससे एक दिन पहले भी प्रदर्शनकारियों ने संदेशखाली के कुछ हिस्सों में प्रदर्शन किए थे। इस दौरान आगजनी की घटनाएं भी हुई थी। DGP राजीव कुमार ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया था कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

अभी भी फरार है मुख्य आरोपी

संदेशखाली में स्थानीय महिलाओं ने शाहजहां शेख और उनके समर्थकों पर जबरदस्ती जमीन हड़पने और यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है जिसके बाद से यह स्थान सुर्खियों में है। मुख्य आरोपी शाहजहां तभी से फरार है।

Source link

Most Popular

To Top