उद्योग/व्यापार

संजय सिंह का जेल में बढ़ा 6 Kg वजन, AAP ने लगाया था केजरीवाल का 4.5kg वजन घटने का आरोप

आम आदमी पार्टी (AAP) ने हाल ही में दावा किया कि जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) का वजन 4 किलोग्राम से ज्यादा कम हो गया, तिहाड़ जेल (Tihar Jail) ने इस दावे का खंडन किया। हालांकि, जेल प्रशासन ने पार्टी के दूसरे नेता संजय सिंह (Sanjay Singh) की मेडिकल रिपोर्ट भी शेयर की, जिसमें जेल में रहने के दौरान उनके स्वास्थ्य में सुधार दिखाया गया था। उनकी मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, AAP सांसद संजय सिंह ने तिहाड़ में अपने कार्यकाल के दौरान स्वास्थ्य में सुधार के संकेत दिखाए हैं। सिंह हाल ही में दिल्ली शराब नीति मामले में छह महीने जेल में रहने के बाद जमानत मिली थी।

उनकी रिपोर्ट से पता चलता है कि अक्टूबर 2023 से अप्रैल 2024 तक, सिंह के शरीर का वजन 76 Kg से बढ़कर 82 Kg हो गया और उनका ब्लड प्रेशर लेवल 153/103 से घटकर 136/70 mm Hg हो गया।

इससे पहले मार्च में, दिल्ली की एक अदालत ने संबंधित अधिकारियों को सिंह को स्वस्थ और पौष्टिक आहार और बोतलबंद पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। क्योंकि सांसद ने आरोप लगाया था कि उन्हें दिल्ली के बाहर की अदालतों में पेशी के दौरान रहने के जगहों पर पीने साफ पानी, सही खाना और साफ जगह जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं दी गईं।

केजरीवाल की पत्नी सुनीता समेत आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं ने दावा किया था कि दिल्ली शराब नीति मामले में 21 मार्च को गिरफ्तारी के बाद से दिल्ली के मुख्यमंत्री का वजन तेजी से कम हुआ है और 4.5 किलोग्राम वजन कम हुआ है।

एक्स पर एक पोस्ट में आतिशी ने कहा कि बीजेपी केजरीवाल के स्वास्थ्य को खतरे में डाल रही है। उन्होंने लिखा, “अरविंद केजरीवाल गंभीर डायबिटीज के मरीज हैं। अपनी स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद, वह देश की सेवा के लिए 24 घंटे काम करते थे। गिरफ्तारी के बाद से अरविंद केजरीवाल का वजन 4.5 किलो कम हो गया है।”

इसके जवाब में तिहाड़ प्रशासन ने आप के दावे को खारिज कर दिया और कहा कि जेल लाए जाने के दिन से AAP सुप्रीमो का वजन 65 किलो पर स्थिर है।

तिहाड़ जेल प्रबंधन ने बुधवार को अपने बयान में कहा, “01.04.2024 को लाने पर, अरविंद केजरीवाल की दो डॉक्टरों ने जांच की और सभी महत्वपूर्ण चीजें सामान्य थीं। साथ ही, जेल में आने के बाद से लेकर आज तक उनका वजन लगातार 65 किलोग्राम पर बना हुआ है। अदालत के आदेशानुसार घर का बना खाना उपलब्ध कराया जा रहा है।”

इस बीच, बीजेपी ने शुक्रवार को AAP सांसद संजय सिंह पर अपनी जमानत शर्त का उल्लंघन करने का आरोप लगाया कि वो दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले के बारे में नहीं बोलेंगे, जिसमें उन्हें गिरफ्तार किया गया था और कहा कि उनकी कार्रवाई के गंभीर परिणाम होंगे।

BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता और वरिष्ठ वकील गौरव भाटिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सिंह के वकील ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दिया था कि वह इस मामले के बारे में नहीं बोलेंगे, लेकिन वो मीडिया से बातचीत में इस मामले का जिक्र करते रहे हैं और दावा करते रहे हैं कि कोई घोटाला नहीं हुआ है।

Source link

Most Popular

To Top