उद्योग/व्यापार

नई दिल्ली में दिखा सीजन का सबसे ज्यादा तापमान, आने वाले दिनों में 49 डिग्री तक जा सकता है पारा

उत्तर पश्चिम भारत में शुक्रवार, 17 मई को भीषण गर्मी पड़ी। राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में पारा 47.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया और यह देश में सबसे गर्म स्थान रहा। स्काईमेट के मुताबिक, सफदरजंग में पारा 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली के अन्य स्थानों की बात करें तो मुंगेशपुर में पारा 46.5 डिग्री, आयानगर में 46.2 डिग्री और पालम में 45.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

राजस्थान में 19, हरियाणा में 18, दिल्ली में 8 और पंजाब में 2 स्थानों पर पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। अगले 5 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में लू (Heatwave) जारी रह सकती है। हीटवेव की स्थिति तब मानी जाती है, जब मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस, तटीय क्षेत्रों में 37 डिग्री और पहाड़ी क्षेत्रों में 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होता है। यदि पारा सामान्य से 6.4 डिग्री से अधिक हो तो भीषण लू की स्थिति घोषित की जाती है।

हरियाणा के सिरसा में तापमान 47.1 डिग्री

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, शुक्रवार को नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस और हरियाणा के सिरसा में 47.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के शाम 7:30 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, नजफगढ़ देश का सबसे गर्म स्थान था। पूसा और जाफरपुर में पारा 45.9 डिग्री और पीतमपुरा में 45.8 डिग्री रहा। वहीं हिमाचल प्रदेश की निचली और मध्य पहाड़ियों में तापमान बढ़ा है और प्रदेश के ऊना में अधिकतम पारा 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा।

18-21 मई के दौरान चल सकती है भीषण लू

आईएमडी ने दिल्ली के लिए अपने पूर्वानुमान में कहा है कि शनिवार, 18 मई को दिन के समय 25 से 35 किमी प्रति घंटे की गति से तेज सतही हवा चल सकती है। आसमान मुख्य रूप से साफ रह सकता है।आईएमडी ने चेतावनी दी कि 18-21 मई के दौरान राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में भीषण लू की स्थिति होने के आसार हैं। शनिवार से पूर्वी और मध्य भारत में लू फिर चल सकती है।

पश्चिमी राजस्थान के लिए रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिसमें संवदेनशील लोगों के लिए अत्यधिक देखभाल की जरूरत पर बल दिया गया। आईएमडी ने हरियाणा, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और गुजरात के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया और शिशुओं, बुजुर्गों और पहले से बीमारियों से पीड़ित लोगों सहित संवेदनशील लोगों के लिए उच्च स्वास्थ्य चिंता जाहिर की। विभाग ने चेतावनी दी है कि लंबे समय तक धूप में रहने या खुले में भारी काम करने से लोगों के बीमार पड़ने का डर है।

Source link

Most Popular

To Top