राजनीति

‘झारखंड और भाजपा का दिल का नाता’, PM Modi बोले- कांग्रेस और जेएमएम में लूट तथा भ्रष्टाचार करने की चल रही रेस

आगामी लोकसभा चुनाव 2024 से पहले पीएम मोदी ने झारखंड के सिंहभूम में एक भव्य सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लिया और संबोधित किया। प्रधानमंत्री भीड़ के उत्साह से बहुत प्रभावित हुए और बदले में उन्होंने झारखंड में सभी के लिए मोदी की गारंटी दोहराई। मोदी ने कहा कि झारखंड को अटल जी ने बनाया, भाजपा ने बनाया। कांग्रेस ने झारखंड का घोर विरोध किया। उन्होंने कहा कि ये भाजपा की ताकत थी, अटल जी की दीर्घ-दृष्टि थी कि झारखंड बना। कांग्रेस को मंजूर नहीं था कि यहां के संसाधन आपके काम आए। पहले वो एक रुपये देते थे तो उसमें से वो 85 पैसे मार लेते थे। आज मैं एक रुपये भेजता हूं तो पूरा 100 पैसा आपके अकाउंट में जाता है।

नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमने बाबा साहेब की जयंती पर आयुष्मान भारत योजना लॉन्च की और वो भी झारखंड की भूमि से की। आज गरीबों को 5 लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त मिल रहा है। मुद्रा योजना की शुरुआत हमने झारखंड के दुमका से की। इसी तरह मोदी की गारंटी की गाड़ी भी हमने झारखंड के खूंटी से शुरू की। इसलिए तो मैं कहता हूं- झारखंड और भाजपा का दिल का नाता है। उन्होंने कहा कि आज झारखंड… हर कोने में विश्वास के साथ, उमंग के साथ, उत्साह के साथ… एक ही बात कह रहा है- फिर एक बार मोदी सरकार।

मोदी ने कहा कि सिंहभूम और झारंखंड की धरती… आदिवासी क्रांतिकारियों की धरती है, लेकिन कांग्रेस ने आदिवासियों के बलिदान को कभी सम्मान नहीं दिया। कांग्रेस आजादी का पूरा श्रेय केवल एक परिवार को देना चाहती है, लेकिन ये भाजपा है, जिसने भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन को एक और पहचान दी- इस दिन को हमने जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि हम देशभर में जनजातीय गौरव के लिए जनजातीय म्यूजियम बना रहे हैं, लेकिन कांग्रेस को आदिवासियों के इतिहास का सम्मान पसंद नहीं है। वो जनजातीय समाज के लोगों को आगे बढ़ने देना नहीं चाहते हैं। लेकिन कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने एक आदिवासी महिला (श्रीमती द्रौपदी मुर्मू) को भारत के राष्ट्रपति बनाने का घोर विरोध किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड के जल, जंगल और जमीन पर हमारे आदिवासी भाई-बहनों का अधिकार है, लेकिन जेएमएम और कांग्रेस… इसे अपनी जागीर समझती है। यही वजह है कि झारखंड के हर संसाधन की खुली लूट चल रही है। पूरे राज्य के खान-खनिज को अवैध खनन कर लूटा जा रहा है। इन्होंने आदिवासियों की जमीनें लुटने के बाद हमारे देश की सेना की जमीन पर भी आंख गड़ा कर रखी है। इतना बड़ा जमीन घोटाला जेएमएम के लोगों ने किया है। कांग्रेस और जेएमएम ने मिलकर झारखंड के मान-सम्मान को चोट पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और जेएमएम में लूट और भ्रष्टाचार करने की रेस चल रही है। यहां कांग्रेस सांसद के ठिकाने से 300 करोड़ रुपए नकद बरामद हुए। यहां तक कि नोटों को गिनने के लिए बैंकों से मशीनें लानी पड़ी।

Source link

Most Popular

To Top