उद्योग/व्यापार

दिसंबर 2023 में EPFO के 15.62 लाख सदस्य बढ़े, नौकरी देने के मामले में ये राज्य सबसे आगे रहे

रिटायरमेंट फंड बॉडी EPFO (ईपीएफओ) के साथ दिसंबर 2023 में 15.62 लाख नए सदस्य जुड़े। श्रम मंत्रालय की ओर से 20 फरवरी को जारी पेरोल डेटा के मुताबिक, दिसंबर 2023 के दौरान मासिक आधार पर सदस्यों की सुख्या में 11.97 पर्सेंट की बढ़ोतरी हुई।

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के डेटा के अनुसार दिसंबर 2022 की तुलना में दिसंबर 2023 में 15.62 लाख सदस्यों की शुद्ध बढ़ोतरी हुई जो 4.62 पर्सेंट ज्यादा है। EPFO के सदस्यों में बढ़ोतरी का कारण रोजगार के अवसरों में वृद्धि, कर्मचारी लाभों के बारे में बढ़ती जागरूकता और EPFO के आउटरीच कार्यक्रमों की प्रभावशीलता को माना जाता है।

आंकड़ों से पता चला है कि दिसंबर 2023 में EPFO में लगभग 8.41 लाख नए सदस्य नामांकित किए गए, जो नवंबर 2023 की तुलना में 14.21 पर्सेंट ज्यादा है। आंकड़ों को देखने पता चलता है कि नए सदस्यों में 18 से 25 आयु वर्ग के लोगों का दबदबा है। दिसंबर में जोड़े गए कुल नए सदस्यों में इनका प्रतिशत 57.18 है। पेरोल डेटा से पता चलता है कि लगभग 12.02 लाख सदस्य से EPFO बाहर निकल गए और बाद में फिर से EPFO में शामिल हो गए।

पेरोल डेटा का लिंग के आधार पर विश्लेषण करने पर पता चला है कि 8.41 लाख नए सदस्यों में से लगभग 2.09 लाख महिला सदस्य हैं, जो नवंबर 2023 की तुलना में 7.57 पर्सेंट ज्यादा हैं। इसके अलावा, दिसंबर महीने के दौरान शुद्ध रूप से महिला सदस्य की संख्या लगभग 2.90 लाख रही, जो पिछले महीने की तुलना में लगभग 3.54 पर्सेंट की बढ़ोतरी को दर्शाता है।

EPFO के आंकड़ों का राज्यवार विश्लेषण करने से पता चलता है कि नए सदस्यों की संख्या में सबसे अधिक इजाफा पांच राज्यों- महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु, कर्नाटक और हरियाणा में हुआ है। इन राज्यों से दिसंबर 2023 में EPFO में करीब 9.11 लाख सदस्य जोड़े गए जो कुल जोड़े गए सदस्यों का लगभग 58 पर्सेंट है। EPFO के कुल सदस्यों में महाराष्ट्र की हिस्सेदारी करीब 21.63% रही। EPFO ने अप्रैल 2018 से पेरोल से जुड़े आंकड़े जारी करने की शुरुआत की थी। इस दौरान सितंबर 2017 के बाद के आंकड़े जारी किए गए।

Source link

Most Popular

To Top